
पेट्रोल पंप लूट कांड में आठ दिन बाद भी नहीं मिला सुराग
चर्चित पेट्रोल पंप लूट कांड के आठ दिन बीतने के बाद भी पुलिस अपराधियों का सुराग नहीं लगा सकी है। घटना के बाद अंधेरे तीर चला रही पुलिस का हाथ उपलब्धि के नाम पर खाली है। पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया गया लेकिन कोई अहम जानकारी नहीं मिलने के कारण उन्हें छोड़ दिया गया। मालूम हो कि एनएच 107 मधेपुरा- सहरसा पथ के चकला चौक के समीप पिछले दिनों शाम करीब साढ़े सात बजे अज्ञात बदमाशों ने पर्वती राम चन्द्र पेट्रोल पंप पर हमला कर पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए हथियार के बल पर साढ़ चार लाख रुपये लूट लिया था।
घटना के बाद से ही पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। लेकिन अजतक एक भी अपराधी का पुलिस सुराग नहीं जुटा सकी है। जबकि इस घटना के पूर्व एनएच107 मधेपुरा- सहरसा पथ के भीरखी पुल के पास मनीषा फ्यूल सेंटर पर बदमाशों ने डाका डालकर 38 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। लूट की इस घटना का आज तक पता नहीं चल सका है। वैसे पुलिस ने मनीषा पेट्रोल पंप डाका कांड में एक बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा किया है। लेकिन पार्वती राम चन्द्र पेट्रोल पंप लूटकांड ने पुलिस की रात की नींद और दिन का चैन छीन लिया है।
पुलिस के अनुसार बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापामारी की जा रही। कमांडो हेड विपिन के नेतृत्व में अब तक जिले के साथ- साथ सहरसा जिले में कई स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप लूटकाडं में फिलहाल कोई सफलता नहीं मिली है।हिरासत में लेकर दो युवकों से पूछताछ की गयी। लेकन कोई अहम जानकारी नहीं मिलने के कारण उसे छोड़ दिया गया। मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।