जल में डाला जहर, मछलियां मरीं
प्रखंड के जरलाही पंचायत अन्तर्गत मधेली गांव के सिधिंया पुल के नीचे जलकर में असमाजिक तत्वों द्वारा जहर डाले जाने के कारण लाखों रुपये की मछलियां मर गई है।
मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष अजय कुमार महलदार ने बताया कि पिछले वर्ष इस जलकर में चार लाख की लागत से 50 क्विंटल मछली का स्पॉन डाला गया था। इस जलकर से लगभग एक सौ मछुओं का जीवन यापन होता है। जलकर में जहर डालने से सभी मछलियां मौत का शिकार हो गई है। जिसके कारण जलकर में काम करनेवाले मछुआरे को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। अध्यक्ष श्री महलदार ने कहा कि महाजन के यहां से सूद पर राशि उठाकर जलकर में मछली का बच्चा डाला गया था। अब मूलधन तो दूर ब्याज देना भी मुश्किल हो गया है। जलकर में जहर डालने के बाद मछुआरे हताश नजर आ रहे हैं। इस बाबत पीड़त मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष द्वारा सम्बन्धित थाना बरारी में मामला दर्ज किया गया है तथा सीओ को लिखित जानकारी दी गई है। घटनास्थल पर पहुंचे मत्स्यजीवी सहयोग समिति के प्रखंड मंत्री राजीव सिंह लालू ने कहा कि एक तरफ सरकार मत्स्यपालन के लिए प्रोत्साहित करती है वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटना से मछुआरे आहत हो रहे हैं। इस तरह की घटना पर अंकुश नहीं लगा तो मछुआरों को आये दिन परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सभी ही लोगों को मत्स्य पालन में रुचि घटेगी और सरकारी राजस्व में घाटा होगा। प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्रोत-हिन्दुस्तान